भारत-वेस्टइंडीज के खिलाफ 10वीं सीरीज जीतने की कोशिश मे बरकरार
(DELHI, DELHI) भारत रविवार से यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज में प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगा जिसमें मेजबान टीम की नजरें कैरेबियाई टीम के खिलाफ लगातार 10वीं द्विपक्षीय एकदिवसीय सीरीज जीतने पर टिकी होंगी। पिछले 24 घंटे से यहां बारिश हो रही है जिससे दोनों टीमों की नजरें मौसम पर भी टिकी होंगी। मेजबान टीम को तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की कमी खलेगी। भुवनेश्वर की ग्रोइन में चोट है जबकि धवन सैयद मुश्ताक अली ट्राफी टूर्नामेंट के दौरान लगी चोट से अब तक नहीं उबर पाए हैं।

आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलने वाले मुंबई के तेज गेंदबाज शारदुल ठाकुर को चोटिल भुवनेश्वर के विकल्प के तौर पर भारतीय टीम में शामिल किया गया है। मुंबई में सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा और लोकेश राहुल के अलावा कप्तान विराट कोहली की शानदार पारियों से टी20 सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम लय में है। धवन की गैरमौजूदगी में एकदिवसीय सीरीज में भी पारी का आगाज करने की जिम्मेदारी रोहित और राहुल को सौंपी जा सकती है।

मयंक अग्रवाल को धवन के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया गया है और देखना यह होगा कि उन्हें एकदिवसीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिलता है या नहीं। कर्नाटक का यह बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में शानदार फार्म में था और डिंडीगुल में तमिलनाडु के खिलाफ रणजी ट्राफी मैच खेलने के बाद टीम से जुड़ा है।श्रेयस अय्यर मौकों का फायदा उठाने में सफल रहे हैं और उम्मीद है कि उन्हें चौथे नंबर पर बरकरार रखा जाएगा।


यह स्थान पिछले कुछ समय से चर्चा का केंद्र रहा है। अंबाती रायुडू और विजय शंकर सहित कई खिलाड़ियों को इस स्थान पर आजमाया गया जिसके बाद अय्यर इस क्रम पर अपनी जगह पक्की करने की कोशिश में जुटे हैं। सभी की नजरें विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर भी टिकी होंगी जो पिछले कुछ समय से बल्ले और ग्लव्स के साथ प्रभावी प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। पहले वनडे के जरिये उन्हें एक बार फिर कोहली और टीम प्रबंधन के भरोसे पर खरा उतरने का मौका मिलेगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।