(India)
बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने सावरकर के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। मायावती ने कहा कि शिवसेना अपने मूल अजेंडे पर कायम है, उसने नागरिकता संशोधन बिल पर भी केंद्र सरकार का साथ दिया और अब सावरकर पर भी कांग्रेस का रुख उसे बर्दाश्त नहीं है। बीएसपी नेता ने कहा कि इतना सब होने के बाद भी कांग्रेस शिवसेना के साथ बनी हुई है। कांग्रेस पार्टी अपनी स्थिति स्पष्ट करे नहीं तो इसे कोरी नाटकबाजी माना जाएगा। मायावती ने ट्वीट कर कहा, 'शिवसेना अपने मूल अजेंडे पर अभी भी कायम है, इसलिए इन्होंने नागरिकता संशोधन बिल पर केन्द्र सरकार का साथ दिया और अब सावरकर को भी लेकर इनको कांग्रेस का रवैया बर्दाश्त नहीं है। किन्तु फिर भी कांग्रेस पार्टी महाराष्ट्र सरकार में शिवसेना के साथ अभी भी बनी हुई है तो यह सब कांग्रेस का दोहरा चरित्र नहीं है तो और क्या है? बीएसपी चीफ ने कहा, ' अतः इनको (कांग्रेस) इस मामले में अपनी स्थिति जरूर स्पष्ट करनी चाहिए। वरना यह सब इनकी अपनी पार्टी की कमजोरियों पर से जनता का ध्यान बांटने के लिए केवल कोरी नाटकबाजी ही मानी जाएगी।' बता दें कि सावरकर के मुद्दे पर शिवसेना और कांग्रेस के बीच तलवारें खिंच गई हैं। बीजेपी के 'रेप इन इंडिया' बयान पर राहुल गांधी ने शनिवार को कह दिया कि उनका नाम 'राहुल सावरकर' नहीं है, वह कभी माफी नहीं मांगेंगे।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।