विशाखापट्टनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम पर टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का रिकॉर्ड रहा शानदार
(India) टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली अच्छी फॉर्म में हैं, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के पहले मैच में महज चार रन बनाकर आउट हो गए थे। सीरीज का दूसरा मैच आज विशाखापट्टनम के डॉ. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैदान पर विराट कोहली का वनडे में प्रदर्शन हमेशा से बहुत शानदार रहा है। हाल ऐसा है कि इस मैदान पर विराट जब भी वनडे मैच खेलने उतरे हैं, तो कम से कम पचासा तो जड़ा ही। इस मैदान पर विराट ने पांच मैच खेले हैं और इस दौरान उनका औसत 139 का रहा है।

इस मैदान पर विराट कोहली ने 2010 से लेकर अभी तक कुल पांच मैच खेले हैं और पांचों मैच में उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला है। इन पांच में से तीन मैच तो विराट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ ही खेले हैं। इस मैदान पर विराट का बेस्ट स्कोर नॉटआउट 157 का है, जबकि लोएस्ट स्कोर 65 रनों का है। विराट ने तीन बार टीम इंडिया को जीत दिलाई है, जबकि एक मैच भारत हारा है और एक मैच टाई रहा है। दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर 2018 में खेला गया वनडे इंटरनेशनल मैच टाई रहा था और इसी मैच में विराट ने नॉटआउट 157 रन बनाए थे।

इस मैदान पर विराट ने 118, 117, 99, 65 और नॉटआउट 157 रनों की पारियां खेली हैं। सीरीज के पहले वनडे में चार रन पर आउट होने वाले विराट सीरीज के दूसरे मैच में अपने पसंदीदा मैदान पर इसकी भरपाई जरूर करना चाहेंगे। इस मैदान पर खेले गए पांच मैचों में से तीन में विराट मैन ऑफ द मैच रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।