CAA को लेकर पीएम मोदी का कांग्रेस पर आरोप, धर्म के नाम पर मुसलमानों को भ्रमित किया गया
(India) नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ देशभर में उबाल है। इस कानून के कारण असुरक्षित महसूस कर रहे देश के मुसलमानों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली के रामलीला मैदान से सीधा संदेश दिया। उन्होंने विपक्ष पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए साफ कहा कि जो लोग कागज-कागज, सर्टिफिकेट-सर्टिफिकेट के नाम पर मुस्लिमों को भ्रमित कर रहे हैं, उन्हें ये याद रखना चाहिए कि हमने गरीबों की भलाई के लिए, योजनाओं के लाभार्थी चुनते समय कभी कागजों की बंदिशें नहीं लगाईं। पीएम ने कहा कि कुछ लोग CAA को गरीबों के खिलाफ बता रहे हैं, कह रहे हैं कि जो लोग आएंगे वो यहां के गरीबों का हक छीन लेंगे। उन्होंने कहा कि झूठ फैलाने से पहले कम से कम गरीबों पर तो दया करो भाई। उन्होंने कहा कि झूठ बेचने वाले, अफवाह फैलाने वाले इन लोगों को पहचानने की जरूरत है। ये 2 तरह के लोग हैं। एक वे लोग हैं, जिनकी राजनीति दशकों तक वोटबैंक पर ही टिकी रही है। दूसरे वे लोग हैं, जिनको इस राजनीति का लाभ मिला है। पीएम ने कांग्रेस समेत समूचे विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि ये लोग किस तरह अपने स्वार्थ के लिए, अपनी राजनीति के लिए किस हद तक जा रहे हैं, ये आपने पिछले हफ्ते भी देखा है। जो बयान दिए गए, झूठे विडियो, उकसाने वाली बातें कही गईं, उच्च स्तर पर बैठे लोगों ने सोशल मीडिया में डालकर भ्रम और आग फैलाने का गुनाह किया है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।