BCCI ने पूर्व क्रिकेटर अंशुमान गायकवाड़ के निधन पर दुख जताया
(India) बीसीसीआई ने पूर्व क्रिकेटर अंशुमान गायकवाड़ के निधन पर दुख जताया है। गायकवाड़ ने खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेने के बाद कई अहम पदों पर रहते हुए क्रिकेट के लिए अपना योगदान दिया। कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद बुधवार को उनका निधन हो गया।1983 में वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सदस्य और मौजूदा बीसीसीआई प्रमुख रोजर बिन्नी ने टीम के अपने पूर्व साथी के निधन पर दुख
जताया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट कम्युनिटी को उनके योगदान की कमी खलेगी।बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा,‘‘अंशुमन गायकवाड़ का निधन भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ा नुकसान है। खेल के लिया उनके कमिटमेंट और प्यार की कोई मिसाल नहीं है। वे सिर्फ एक क्रिकेटर नहीं थे, बल्कि कई लोगों के लिए गुरु और दोस्त थे। क्रिकेट कम्युनिटी उन्हें बहुत याद करेगी और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।’’
बीसीसीआई ने कहा कि गायकवाड़ ने बिना किसी हिचकिचाहट के दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों का सामना किया।बीसीसीआई ने कहा, "अपनी बेहतरीन तकनीक और बुलंद हौसले के लिए जाने जाने वाले गायकवाड़ ने तेज गेंदबाजी के कुछ बेहतरीन स्पैल का सामना करते हुए मजबूत इरादे दिखाए, वो भी ऐसे वक्त में जब प्रोटेक्टिव गियर हुत कम थे।"अंशुमन गायकवाड़ को 1976 में जमैका में खेली गई 81 रनों की पारी के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाता है। वहां उन्होंने मुश्किल पिच पर खतरनाक गेंदबाजी का डटकर सामना किया। इसके अलावा 1983 में जालंधर में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 201 रनों की शानदार पारी खेली थी। उन्होंने 671 मिनट तक बल्लेबाजी की थी। अंशुमन गायकवाड़ का घरेलू रिकॉर्ड भी शानदार रहा। उन्होंने 200 से ज्यादा फर्स्ट क्लास मैचों में 34 शतकों और 47 अर्द्धशतकों समेत 12,000 से ज्यादा रन बनाए। बीसीसीआई ने अपने शोक संदेश में कहा, "खेल के लिए उनकी रणनैतिक सूझबूझ और गहरी समझ ने उन्हें खिलाड़ियों और साथियों से काफी सम्मान दिलाया। चुनौतियों को स्वीकार करने में कभी संकोच नहीं करने वाले, उन्होंने अलग-अलग रोल निभाए और भारतीय क्रिकेट की सेवा करने के हर मौके का फायदा उठाया।"बीसीसीआई ने हाल ही में गायकवाड़ के इलाज खर्च के लिए एक करोड़ रुपये जारी किए थे। भारत वापस लाए जाने से पहले लंदन के किंग्स कॉलेज अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।