(India)
विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने अपने नाम एक नई उपलब्धि दर्ज की है। गुरुवार को फिडे (विश्व शतरंज की सर्वोच्च संस्था) रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंचकर वह अर्जुन एरिगैसी को पछाड़कर सर्वोच्च रैंकिंग वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। 18 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने नीदरलैंड के विज्क आन जी में चल रहे टाटा स्टील टूर्नामेंट में जर्मनी के विंसेंट कीमर को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। टूर्नामेंट में यह उनकी दूसरी जीत थी। हाल ही में भारत के सर्वोच्च खेल पुरस्कार ध्यानचंद खेल रत्न से सम्मानित डी. गुकेश के अब 2784 रेटिंग अंक हो गए हैं, जबकि कुछ समय तक भारत के नंबर एक खिलाड़ी रहे एरिगैसी 2779.5 रेटिंग अंकों के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं। नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन 2832.5 अंकों के साथ दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बने हुए हैं। उनके बाद दो अमेरिकी खिलाड़ी ग्रैंडमास्टर हिकारू नाकामुरा (2802) और फैबियानो कारूआना (2798) हैं। गुकेश ने पिछले साल दिसंबर में सिंगापुर में चीन के डिंग लिरेन को हराकर विश्व खिताब जीता था। एरिगासी पिछले साल सितंबर में भारत के सर्वोच्च रैंक वाले खिलाड़ी बने थे। इसके बाद दिसंबर में उन्होंने 2801 की अपनी सर्वोच्च रेटिंग हासिल की। वे 2800 या उससे अधिक रेटिंग अंक हासिल करने वाले दुनिया के 15वें और विश्वनाथन आनंद के बाद भारत के दूसरे खिलाड़ी हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।