IPL 2025: पहले 3 आईपीएल मैचों में राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान होंगे रियान पराग
(India) उदीयमान स्टार रियान पराग पहले तीन आईपीएल मैचों में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान होंगे क्योंकि नियमित कप्तान संजू सैमसन को ऊंगली की सर्जरी के बाद बीसीसीआई ने विकेटकीपिंग से मना किया है। इसके मायने है कि वे इन मैचों में सिर्फ बतौर बल्लेबाज ही मौजूद होंगे । जबकि नियमित कप्तान संजू सैमसन पहले तीन मैचों में खेलेंगे, लेकिन केवल बल्लेबाज के रूप में, संभवतः एक प्रभावशाली खिलाड़ी के रूप में। इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में टी20 मैच के दौरान सैमसंग की ऊंगली में फ्रेक्चर हो गया था जिसके बाद उन्हें छोटी सर्जरी करानी पड़ी । उन्हें बल्लेबाजी की अनुमति मिल गई है लेकिन बेंगलुरू में बीसीसीआई के उत्कृष्टता केंद्र की मेडिकल और खेल विज्ञान टीमों ने उन्हें ऊंगली को कुछ और आराम देने की सलाह दी है । यही वजह है कि 23 साल के पराग को आईपीएल के सबसे युवा कप्तानों में से एक बनने का मौका मिला है । विराट कोहली सबसे युवा कप्तान रहे हैं जब वे 22 साल की उम्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के कप्तान बने थे । रॉयल्स ने एक बयान में कहा ,‘‘ राजस्थान रॉयल्स ने घोषणा की है कि रियान पराग आईपीएल 2025 के पहले तीन मैचों में कप्तान होंगे ।’’ इसमें कहा गया ,‘‘ युवा हरफनमौला 23 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले मैच में कप्तान होंगे । इसके बाद 26 मार्च को गत चैंपियन केकेआर के खिलाफ और 30 मार्च को पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी कप्तानी करेंगे।’’
सैमसन पूरी तरह फिट होने के बाद ही कप्तानी कर सकेंगे। रॉयल्स टीम प्रबंधन ने बताया कि ज्यादा अनुभवी यशस्वी जायसवाल की बजाए रियान को कप्तानी क्यों सौंपी गई । टीम ने कहा ,‘‘राजस्थान रॉयल्स ने रियान को कप्तानी सौंपने का फैसला इसलिए किया क्योंकि वे असम के कप्तान के तौर पर घरेलू क्रिकेट में अपनी प्रतिभा की झलक दे चुके हैं ।"

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।