एमसीए के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘ये हैरानी की बात है। उसने कुछ सोचकर ही ये कदम उठाया होगा। उसने हमसे कहा कि उसे रिलीज कर दिया जाये और हमने उसका अनुरोध मान लिया।’’ जायसवाल ने मुंबई के लिये पिछला मैच 23 से 25 जनवरी के बीच रणजी ट्रॉफी में जम्मू कश्मीर के खिलाफ खेला था। उन्होंने चार और 26 रन बनाये जबकि मुंबई को टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार जम्मू कश्मीर ने पांच विकेट से हराया। गोवा क्रिकेट संघ के सचिव शंबा देसाई ने पीटीआई से कहा, ‘‘वो हमारे लिये खेलना चाहता है और हम उसका स्वागत करते हैं। वो अगले सत्र से हमारे लिये खेलेगा।’’ भारतीय टीम के लिये नहीं खेलने के समय जायसवाल गोवा की कप्तानी भी कर सकते हैं। इस बारे में पूछने पर देसाई ने कहा, ‘‘हां, ऐसा हो सकता है। वो भारतीय क्रिकेट टीम के लिये खेलता है और वो हमारा कप्तान हो सकता है। उसकी उपलब्धता को देखते हुए हम बात करेंगे।’’ अर्जुन तेंदुलकर और सिद्धेश लाड के बाद मुंबई को छोड़कर गोवा जाने वाले जायसवाल तीसरे क्रिकेटर हैं। तेंदुलकर और लाड 2022-23 सत्र में गोवा चले गए थे। लाड हालांकि पिछले सत्र में मुंबई के लिये लौटे हैं। जायसवाल ने जुलाई 2023 में भारत के लिये टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया और अब तक 19 मैचों में 52 से अधिक की औसत से रन बना चुके हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।