कांग्रेस नेता राहुल गांधी श्रीनगर पहुंचे, पहलगाम आतंकी हमले में घायल हुए लोगों से करेंगे मुलाकात
(India) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहलगाम आतंकी हमले में घायल हुए लोगों से मिलने शुक्रवार को कश्मीर पहुंचे। कांग्रेस नेता ने यह जानकारी दी। पार्टी नेता ने बताया कि राहुल गांधी 22 अप्रैल को हुए हमले में घायल हुए लोगों का हालचाल जानने के लिए बादामीबाग छावनी स्थित आर्मी बेस अस्पताल जा सकते हैं। हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। हमले में कई लोग घायल हुए हैं। कांग्रेस नेता ने बताया कि राहुल गांधी अलग-अलग प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से व्यक्तिगत मुलाकात कर सकते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी हमले और उसके बाद के हालात के मद्देनजर कश्मीरियों समेत देश के लोगों के 'जख्मों पर मरहम लगाने' का संदेश लेकर आए हैं। हमले के बाद गुरुवार को बुलाई गई कांग्रेस कार्यसमिति की अहम बैठक में हिस्सा लेने के लिए राहुल गांधी अपनी अमेरिका यात्रा बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौट आए। उन्होंने इस भीषण आतंकी हमले के बारे में सभी दलों को जानकारी देने के लिए सरकार की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में भी हिस्सा लिया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।