टी20 फॉर्मेट में अभिषेक शर्मा ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड को पीछे छोड़ दिया और टी20 के नंबर एक बल्लेबाज बन गए | हेड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज नहीं खेलने का फायदा अभिषेक को मिला और वे 829 रेटिंग अंकों के साथ पहली बार इस स्थान पर पहुंचे हैं। यह उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। भारत के अन्य टॉप रैंक खिलाड़ी हैं –
>शुभमन गिल (वनडे बल्लेबाज़ नंबर 1)
>जसप्रीत बुमराह (टेस्ट गेंदबाज़ नंबर 1)
>रवींद्र जडेजा (टेस्ट ऑलराउंडर नंबर 1)
>हार्दिक पांड्या (T20 ऑलराउंडर नंबर 1)
टीम रैंकिंग की बात करें तो भारत इस समय वनडे और टी20 दोनों में नंबर 1 है, जबकि टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है।
अभिषेक शर्मा ने अब तक खेले गए 17 टी20 मुकाबलों में 33.44 की औसत और 193.85 के स्ट्राइक रेट से 535 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। साथ ही वे 6 विकेट भी ले चुके हैं, जो उन्हें एक उभरता हुआ ऑलराउंडर बनाता है।
वहीं रवींद्र जडेजा ने हाल ही में 107* रनों की नाबाद पारी और 4 विकेट के साथ टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में 13 अंक हासिल किए और अब 422 अंकों के साथ टॉप पर हैं। वे बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज से 117 अंक आगे हैं।
वॉशिंगटन सुंदर ने भी रैंकिंग में छलांग लगाई है। इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में जडेजा के साथ 203 रन की साझेदारी और 2 विकेट की बदौलत वे बल्लेबाजों की सूची में 8 पायदान ऊपर चढ़कर 65वें स्थान पर आ गए हैं और ऑलराउंडर लिस्ट में संयुक्त 13वें स्थान पर पहुंचे हैं।
इंग्लैंड की ओर से जो रूट टेस्ट बल्लेबाज़ों की सूची में नंबर 1 पर पहुंच गए हैं। बेन स्टोक्स ने 141 रनों की पारी और 5 विकेट लेकर ऑलराउंडर रैंकिंग में तीन स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर जगह बनाई है, जो दिसंबर 2022 के बाद से उनकी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
जोफ्रा आर्चर की भी टेस्ट में वापसी शानदार रही है और वे 38 स्थान चढ़कर 63वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
भारत की इस बादशाहत ने क्रिकेट जगत में उसकी गहरी छाप छोड़ दी है और यह दिखाता है कि हर फॉर्मेट में टीम के पास विश्वस्तरीय खिलाड़ी मौजूद हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।