यूपी में बाढ़ का पानी उतरते ही सफाई और दवा छिड़काव तेज, मंत्री AK शर्मा ने किया निरीक्षण
(Lucknow, Lucknow) उत्तर प्रदेश में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य बनाने और लोगों को बीमारियों से बचाने के लिए योगी सरकार राहत एवं बचाव कार्यों के साथ सफाई अभियान और दवा छिड़काव पर जोर दे रही है। इसी क्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने लखनऊ के मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सैंथा और आसपास के बाढ़ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों, साफ-सफाई और प्रभावित नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ प्रदूषित जल और वायु से आम लोगों तथा पशुओं में बीमारियां फैलने की आशंका रहती है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई, दवा छिड़काव और जलनिकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।

उन्होंने ड्रोन तकनीक के माध्यम से किए जा रहे दवा छिड़काव का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकता के अनुसार अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी इस तकनीक का उपयोग किया जाए, ताकि प्रभावित इलाकों में स्वच्छता और बीमारी की रोकथाम से जुड़े कार्यों को गति मिल सके।

मंत्री ने बाढ़ राहत शिविर और राहत चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। पानी उतर चुके क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने सफाईकर्मियों का उत्साहवर्धन भी किया।

उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों, सफाईकर्मियों और अन्य संबंधित कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य प्रभावित इलाकों में संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों के खतरे को कम करना है।

निरीक्षण के दौरान नगर विकास मंत्री ने प्रभावित नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक राहत सामग्री और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाई जाएं।

इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में सरकार और प्रशासन जनता के साथ खड़े हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना और जनजीवन सामान्य बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।