मुंबई शक्ति मिल गैंगरेप: दो नाबालिग दोषी करार
(DELHI, India) विशेष लोक अभियोजक उज्जवल निकम ने कहा, ‘जेजेबी ने आज सामूहिक बलात्कार मामलों में दो नाबालिगों को दोषी ठहराया और बोर्ड ने उन्हें अच्छा व्यवहार सीखने के लिए नासिक के बोस्टन स्कूल भेजा।’ निकम ने कहा कि प्रमुख मजिस्ट्रेट जीबी जाधव और सदस्य मैरी शेट्टियार के बोर्ड ने दो नाबालिगों को भारतीय दंड संहिता की सामूहिक बलात्कार, आपराधिक साजिश और छेड़छाड़ से जुड़ी तथा अन्य धाराओं के तहत दोषी पाया। दोषी ठहराने के बाद निकम ने बोर्ड से कहा कि नाबालिगों ने अतिजघन्य अपराध किये हैं और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इनमें से एक नाबालिग को 22 वर्षीय फोटोपत्रकार से सामूहिक बलात्कार के संबंध में गिरफ्तार किया गया जबकि दूसरे नाबालिग को 18 वर्षीय टेलीफोन आपरेटर से सामूहिक बलात्कार के मामले में लेकर गिरफ्तार किया गया था।
सत्र अदालत ने चार अप्रैल को इन दोनों सामूहिक बलात्कार मामलों के संबंध में तीन दोषियों विजय जाधव (19), कासिम बंगाली (21) और मोहम्मद सलीम अंसारी (28) को मृत्युदंड दिया था। इसके अलावा दो अन्य आरोपियों अशफाक शेख और सिराज रहमान को इन मामलों से संलिप्तता को लेकर आजीवन कारावास की सजा हुई थी। टेलीफोन आपरेटर का पिछले साल जुलाई में मध्य मुंबई के शक्ति मिल परिसर में सामूहिक बलात्कार किया गया था जबकि फोटोपत्रकार का 22 अगस्त को सामूहिक बलात्कार हुआ था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।