(JAMMUandKASHMIR, India)
नई दिल्ली से कटरा के लिए जाने वाली पूर्ण रूप से वातानुकूलित सुपरफास्ट ट्रेन श्री शक्ति एक्सप्रेस दूसरी बार इस मार्ग पर चल रही थी। लेकिन स्टेशन से पांच किलोमीटर पहले ही यह घटना हो गई। एक दिन पहले ही ट्रेन को नई दिल्ली से शुरू किया गया था। फिरोजपुर मंडल के रेलवे प्रबंधक (डीआरएम) एनसी गोयल ने बताया कि ट्रेन कटरा सुबह 7 बजे पहुंची। हालांकि इसके वहां पहुंचने का समय सुबह 5.10 बजे था। फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत ही जम्मू कश्मीर का रेल नेटवर्क आता है। रेलवे सूत्रों ने बताया कि नई दिल्ली से कटरा जाने वाली श्री शक्ति एक्सप्रेस अपने गंतव्य स्थान कटरा पहुंचने से पांच किलोमीटर पहले ही सुरंग में फंस गई क्योंकि सुरंग में ट्रेन का इंजन खराब हो गया था। ट्रेन दो घंटे तक सुरंग में फंसी रही। नया स्टेशन होने के कारण कटरा रेलवे स्टेशन पर उधमपुर से इंजन लाया गया। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां से ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया था। फिरोजपुर मंडल के डीआरएम गोयल ने बताया कि ट्रेन के परिचालन में हुई देरी के कारणों और इंजन खराब होने के बारे में सूचनाओं का वह इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ट्रेन तय समय से 100 मिनट की देरी से गंतव्य स्थान तक पहुंच गई। ट्रेन करीब 35 मिनट की देरी से चली थी और कटरा रेलवे स्टेशन से महज पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित सुरंग में इंजन खराब होने के कारण करीब दो घंटे का समय बर्बाद हुआ। उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन या सुरंग में कोई समस्या नहीं है। यात्रा आगे जारी रखने के लिए अन्य इंजन को भेज दिया गया था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।