(BakshiKaTalab**, Lucknow)
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मोहनलालगंज इलाके में 17 जुलाई को निर्वस्त्र मृत पायी गयी 35 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार एवं हत्या करने के आरोप में रामसेवक यादव नाम के सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि यादव ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। गौरतलब है कि 17 जुलाई की सुबह मोहनलालगंज थाने के बलसिंह खेड़ा गांव के बाहर एक निर्जन प्राइमरी स्कूल में एक महिला का नग्न शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम में महिला की बलात्कार के बाद नृशंस हत्या किये जाने की बात सामने आयी थी। महिला के गुप्तांग सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर 12 घाव पाये गये थे और उसकी मौत अत्यधिक रक्तस्राव से हुई बतायी गयी थी। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कल ही पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए दोषियों का यथाशीघ्र पता लगाने के निर्देश दिये थे। मामले की जांच के लिए जिला पुलिस की चार टीमें लगायी गयी हैं और जांच कार्य की निगरानी का जिम्मा महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी संभाल रही अपर पुलिस महानिदेशक सुतापा सान्याल को सौंपा गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।