सहारनपुर हिंसा: कर्फ्यू जारी, दंगाईयों को देखते ही गोली मारने के आदेश, 20 लोग गिरफ्तार
(DELHI, India) हिंसा के बाद लगाया गया कर्फ्यू आज भी जारी है। इस मामले में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिला अधिकारी संध्या तिवारी ने आज कहा, स्थिति कल के मुकाबले बेहतर है। मुझे शहर में कानून-व्यवस्था लागू करनी है और अब स्थिति काफी सामान्य है। यहां कल दो समुदायों के बीच भड़की हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई थी और 19 अन्य घायल हो गए थे। इस घटना के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था और दंगाइयों को देखते ही गोली मारने का आदेश जारी किया गया था। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी, एक सिटी मजिस्ट्रेट और 13 अन्य घायल हुए हैं। कांस्टेबल शेंसर पाल को चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है। भूमि विवाद के बारे में संध्या तिवारी ने कहा, मैं इसमें नहीं जा रही हूं.. निर्माण कार्य रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि हिंसा के सिलसिले में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रभावित इलाकों में PAC की 8 कंपनी, CRPF की 6 कंपनी, रैपिड एक्शन फोर्स की 2 कंपनी तथा भारत तिब्बत सीमा पुलिस की 2 कंपनियां तैनात की गई हैं। और उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दे दिए गए। सीएम अखिलेश यादव ने हिंसा पर रिपोर्ट मांगी है। साथ ही सीएम ने हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने इस घटना को अत्यन्त दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इस घटना में मरने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके इलाज हेतु बेहतर प्रबंध किये जाने के भी निर्देश दिये हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।