बेंगलुरु में बच्ची से रेप मामले में दो और गिरफ्तार
(Anekal, Bangalore) शहर के पुलिस आयुक्त एम एम रेड्डी ने संवाददाताओं को बताया, ‘विबग्योर हाई स्कूल मामले में दो और लोगों की गिरफ्तारी के बाद बलात्कार की शिकायत अब सामूहिक बलात्कार का मामला बन गया है।’ बलात्कार की यह घटना 2 जुलाई को हुई थी लेकिन पुलिस के पास पीड़िता के माता-पिता द्वारा शिकायत 14 जुलाई को दर्ज कराई गई थी। रेड्डी ने कहा कि दो आरोपियों- लाल गिरी और वसीम पाशा नामक जिम प्रशिक्षकों को कल रात गिरफ्तार किया गया और इनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376डी (उसी अस्पताल के प्रबंधन या कर्मचारी द्वारा महिला के साथ यौनाचार, जिसमें महिला भर्ती है) के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि इनके खिलाफ बाल यौन अपराध संरक्षण कानून (पोक्सो) की विभिन्न धाराएं भी लगाई गई हैं। स्कूल के स्केटिंग प्रशिक्षक मुस्तफा और संस्थापक अध्यक्ष रूस्तम केरावाला के बाद इस मामले में हुई यह चौथी गिरफ्तारी है। उन्होंने कहा कि जांच से मुस्तफा की सीधी संलिप्तता नहीं दिख रही है। पुलिस ने उसे ‘उस समय परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर’ उपजे संदेह के तहत गिरफ्तार किया था। शुरूआत में, पुलिस ने मुस्तफा को ही मुख्य आरोपी बताया था। रेड्डी ने कहा कि गिरी और पाशा की गिरफ्तारी के साथ बेंगलुरु पुलिस ने मामला सुलझा लिया है। इस मामले से जनता के भारी रोष पैदा हो गया था और इसके विरोध में कई प्रदर्शन भी किए गए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।