सलमान खान के ‘हिट एंड रन’ मामले में गायब दस्तावेज मिले
(India) मुंबई पुलिस के आयुक्त राकेश मारिया ने आज कहा कि गायब दस्तावेज कल बांद्रा पुलिस स्टेशन में मिले ।
मारिया ने कहा, ‘हमने जांच शुरू की है कि आखिर दस्तावेज गायब कैसे हुए । जिन पुलिसकर्मियों की वजह से दस्तावेज कुछ दिनों तक गायब रहे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।’ पुलिस ने कहा कि दस्तावेजों में मामले से जुड़ी अहम सूचनाएं, केस डायरी और गवाहों के बयान थे । सूत्रों ने कहा कि किसी ने पुलिस स्टेशन की साफ-सफाई के दौरान दस्तावेजों को रिकार्ड रूम से हटा दिया होगा जिसकी वजह से वे मिल नहीं पा रहे थे । बीते 21 अगस्त को बांद्रा पुलिस ने मामले में नए सिरे से मुकदमा चला रही सत्र अदालत को बताया था कि गवाहों के बयानों से जुड़े दस्तावेज और केस डायरी गायब हैं । अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया था कि वह 12 सितंबर तक दस्तावेजों को ढूंढ निकाले । 28 सितंबर 2002 को सलमान खान ने बांद्रा में एक बेकरी के बाहर फुटपाथ पर सो रहे कुछ लोगों को कथित तौर पर अपनी कार से कुचल दिया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार लोग जख्मी हो गए थे ।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।