(JAMMUandKASHMIR, India)
राज्य में बाढ़ से अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है और कल एक बस के बह जाने से लापता हुए 45 अन्य के मरने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि पुलवामा, अनंतनाग और कुलगाम सहित दक्षिण कश्मीर के अधिकतर हिस्से जलमग्न हो गए हैं और शोपियां जिले में रामबियारा धारा भी बहुत तेजी से बह रही है। इससे दक्षिण कश्मीर के इस जिले के भी जलमग्न होने की आशंका पैदा हो गई है जो अब तक बाढ़ से बचा हुआ है। कश्मीर के मंडलायुक्त रोहित कंसल ने बताया कि दक्षिण कश्मीर और श्रीनगर शहर के जलमग्न इलाकों में सेना से राहत एवं बचाव कार्य में मदद करने को कहा गया है, जबकि अभियान में मदद करने के लिए आज यहां एनडीआरएफ की छह कंपनियां पहुंचेंगी। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की टीमें पंजाब के भटिंडा से पहुंचेंगी, लेकिन खराब मौसम के चलते अब तक उनका विमान उड़ान नहीं भर सका है। अधिकारी ने कहा कि हमें उम्मीद है कि दोपहर बाद मौसम में सुधार होगा और विमान उतर पाएगा। पिछले 72 घंटों में जम्मू कश्मीर में भारी बारिश के चलते बहुत से इलाकों में बाढ़ आ गई है जहां अब तक 20 लोगों की मौत हो गई है और कल राजौरी जिले में एक बस के बह जाने से 45 अन्य लोगों की मौत की आशंका है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।