सुरेन्‍द्र कोली की सुरक्षा को लेकर जेल प्रशासन चौकस
(Mau, UTTARPRADESH) मेरठ यहां की उच्च सुरक्षा वाली जेल की एक कोठरी में कैद सुरेन्द्र कोली के मौत के परवाने पर दस्तख्त किए जा चुके हैं और उसके पास गिनती की सांसे बाकी हैं। ऐसे में जेल प्रशासन उसकी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। जेल प्रशासन ने कोली की सुरक्षा के लिए अलग अलग पारियों में दो-दो सशस्त्र जवान तैनात किए हैं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक मोहम्मद हुसैन मुस्तफा रिजवी ने आज यहां बताया कि कल रात कोली को मेरठ जिला कारागार में स्थानांतरित किया गया और उसकी सुरक्षा के लिए दो-दो सशस्त्र जवान तैनात कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कोली विशेष श्रेणी का कैदी है और वह खुदकुशी जैसा कोई प्रयास न कर सके इसके लिए सशस्त्र जवान उस पर नजर रख रहे हैं। फांसी से एक दिन पहले तक कोली को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रखा जाएगा।
रिजवी ने बताया कि कोली को अदालत के आदेश के अनुरूप 12 सितम्बर तक फांसी दी जाएगी। जेल के सूत्रों ने बताया कि कोली रात भर नहीं सोया। रात को उसने खाना खाने से पहले तो मना कर दिया लेकिन बाद में खाना खा लिया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक के अनुसार, कोली पूरी तरह शांत है और सामान्य व्यवहार कर रहा है। फिलहाल उसने अपनी कोई अंतिम इच्छा जेल प्रशासन के सामने नही रखी है। आज सुबह से वह धार्मिक किताबें पढ़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, कोली को अपने किये पर पछतावा है। निठारी कांड के दोषी सुरेन्द्र कोली को अगर मेरठ जेल में फांसी होती है तो वह यहां फांसी पाने वाला 18 वां अपराधी होगा। कोली से पूर्व मेरठ जेल में 17 अपराधियों को फांसी दी जा चुकी है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक रिजवी ने बताया कि उनके कार्यकाल में किसी कैदी को फांसी नहीं दी गई है, लेकिन वह फांसी के नियमों से पूरी तरह अवगत हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।