एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया ‘बीआरओ और सेना के इंजीनियरों के सतत प्रयासों के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को आज खोल दिया गया।’ उन्होंने बताया कि उधमपुर स्थित सेना की नॉर्दन कमांड के मुख्यालय के चीफ इंजीनियर ने इंजीनियरों को तैनात किया और विशेष उपकरणों की मदद से, भूस्खलन का मलबा हटाया गया और सड़क की मरम्मत की गई। भूस्खलन कई जगह हुआ था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया ‘रामबन जिले में राजमार्ग को भूस्खलन की वजह से बंद कर दिया गया था और इसका कुछ हिस्सा पानी में बह भी गया था। मरम्मत के बाद इसे यातायात के लिए पुन: खोल दिया गया।’ रामबन जिले में 2 और 3 सितंबर की मध्य रात्रि को भूस्खलन की कई घटनाएं हुईं और अचानक बाढ़ आ गई जिससे इस राजमार्ग का 5 किमी हिस्सा बह गया और कई जगहों पर सड़क जलमग्न हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया ‘राजमार्ग को सिर्फ हल्के मोटर वाहनों के लिए ही खोला गया है।’ राजमार्ग पर 3000 से 4000 वाहन, खास कर आपूर्ति ले जा रहे ट्रक यातायात बंद होने की वजह से फंसे थे। इससे पहले, सेना के इंजीनियरों ने 9 सितंबर को बाढ़ प्रभावित कश्मीर घाटी का लद्दाख से सड़क संपर्क बहाल किया था और 13 सितंबर को किश्तवाड़ होते हुए सिंथन दर्रा मार्ग की सफाई की थी। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि रामबन के समीप रामसू में हुआ भीषण भूस्खलन राजमार्ग खोलने में बड़ी बाधा था। इस जगह पर सड़क का 300 मीटर से अधिक हिस्सा पानी में बह गया और 80 डिग्री की ढलान वाली चट्टान रह गई थी। उन्होंने बताया कि पहाड़ी वाले पूरे हिस्से को नए सिरे से खोदना पड़ा और 12 सितंबर को फिर से भूस्खलन हो गया जिसकी वजह से काम दोबारा करना पड़ा।
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।