पुलिस नक्सली मुठभेड़ में जवान शहीद, दो नक्सली भी मारे गए
(CHHATTISGARH, India) बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने बताया कि जिले के मारडूम थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्पेशल टास्क फोर्स के दल ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया है तथा इस घटना में एक पुलिस जवान बुधदेव साहू शहीद हो गया है। यादव ने बताया कि जिला मुख्यालय जगदलपुर से कल एसटीएफ के दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था। दल जब मारडूम थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिटामेटा गांव के जंगल में पहुंचा तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। नक्सलियों की गोली बुधदेव साहू को लगी और वह वहीं गिर गया। इसके बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी और लगभग तीन घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद नक्सली भारी बारिश के बीच घटनास्थल से फरार हो गए। अधिकारी ने बताया कि बाद में जब पुलिस दल ने घटनास्थल की तलाशी ली तब घटनास्थल से दो नक्सलियों का शव, 12 बोर की एक बंदूक, दो भरमार बंदूक और अन्य सामान बरामद किया गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।