जिला स्तर पर पीपीपी मोड से वृद्धाश्रम बनाएगी राजस्थान सरकार
(Amber, Jaipur) प्रदेश में वृद्धजनों के लिए जिला स्तर पर वृद्धजन आश्रम बनाए जाएंगे। वृद्धजन सम्मान समारोह के दौरान सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री अरूण चतुर्वेदी ने इस बात की जानकारी दी। चतुर्वेदी ने बताया कि इन आश्रम का निर्माण पीपीपी मोड पर किया जाएगा, जिसके लिए पहले पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर दो जिलों में आश्रम शुरू किए जाएंगे। उसके बाद उनके सफल रहने पर प्रदेश के सभी जिलों में वृद्धजन आश्रम बनाए जाएंगे। समारोह के दौरान 46 वृद्धजनों का सम्मान भी किया। सम्मानित वृद्धजनों में अधिकतर लोग आज भी समाजसेवा से जुडे़ हुए हैं, इन वृद्धजनों की मानें तो उनको अपना सम्मान करवाने के लिए रिटायरमेंट के बाद भी समाजसेवा से जुड़ना चाहिए। समाज में बेटियों का मान-सम्मान बढ़ाने की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की अनूठी पहल के तहत प्रदेश में बेटियों के जन्म के अवसर पर उनके माता-पिता को मुख्यमंत्री का शुभकामना संदेश भेजा जाएगा। राजे ने बेटी बचाओ अभियान के तहत भेजे जाने वाले इस शुभकामना संदेश को आज मुख्यमंत्री निवास पर जारी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और बेटियों को अपनी प्रतिभा को निखारने और आगे आने का अवसर मिले, ये हम सबका दायित्व होना चाहिए। इस दौरान नन्हीं बालिकाओं धु्रविका सिंह और तनाया भार्गव ने मुख्यमंत्री को बुके भेंट किये। इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़, बेटी बचाओ अभियान की ब्रांड एम्बेसडर विधायक दीया कुमारी समेत कई अधिकारी भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री का ये बधाई संदेश बालिका शिशु के लिए अन्तर्राष्ट्रीय दिवस 11 अक्टूबर से सभी संभागीय मुख्यालयों के राजकीय चिकित्सालयों में जन्म लेने वाली बालिकाओं के अभिभावकों को भेजा जाएगा। बाल दिवस 14 नवम्बर को जन्म लेने वाली बेटियों के अभिभावकों को ये संदेश भेजा जाएगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।