चक्रवाती तूफान ‘हुडहुड’ आंध्र,ओडिशा समुद्री तट की तरफ बढ़ रहा, भारी बारिश की संभावना
(ANDAMANandNICOBAR, India) मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि उत्तर अंडमान सागर के उपर बना कम दबाव का क्षेत्र पिछले छह घंटों के दौरान पश्चिम-पश्चिमोत्तर दिशा की ओर बढ़ गया तथा यह और प्रचंड हो गया है। ओडिशा के गोपलपुर में और आंध्र प्रदेश के विशाखापटनम में 12 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र ओड़िशा के गोपालपुर तट से करीब 1260 किलोमीटर दूर दक्षिणपूर्व में बना हुआ है। बुलेटिन के अनुसार ‘यह पश्चिम-पश्चिमोत्तर दिशा में और बढ़ेगा तथा अगले 24 घंटे के भीतर और मजबूत होगा और चक्रवातीय तूफान का रूप ले लेगा।’ इसके कल तक अंडमान निकोबार द्वीपसमूह को पार कर जाने की संभावना है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि इसके प्रभाव से ओड़िशा और आंध्र प्रदेश में बारिश हो सकती है। हालांकि, ओड़िशा सरकार ने मौसम विभाग द्वारा संभावित प्राकृतिक आपदा के संबंध में प्रशासन को आगाह किए जाने के बाद 16 जिलों को हाई अलर्ट कर दिया है। विशेष राहत आयुक्त के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘राज्य सरकार आईएमडी के साथ करीबी समन्वय के जरिए हालात की लगातार निगरानी कर रही है और हम आपात स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे। नागरिकों को हालात के बारे में सतर्क रहने की सलाह दी जाती है लेकिन घबराने की कोई जरूरत नहीं है।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।