(ANDHRAPRADESH, India)
मौसम कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक यह पश्चिम उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और अगले 36 घंटों में यह प्रचंड चक्रवात बन जाएगा। बयान में कहा गया है कि चक्रवात ‘हुडहुड’ के विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश और ओड़िशा तट 12 अक्टूबर को पार करने की उम्मीद है। इस चक्रवाती तूफान के कारण भारी बारिश होने की संभावना है। उधर, इस चक्रवाती तूफान के चलते आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात ‘हुदहुद’ ने पोर्टब्लेयर और अंडमान निकोबार के लांग द्वीप को पार कर लिया है और तूफान की रफ्तार अभी 67 किलोमीटर प्रतिघंटा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने दिल्ली में बताया कि यह 12 अक्टूबर को दोपहर में आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम और ओडिशा में गोपालपुर के बीच से पूर्वी तट को पार करेगा। इस दौरान हवा की गति 130 से 140 किलोमीटर प्रतिघंटा रहने की आशंका है और तूफान की गति 155 किलोमीटर प्रतिघंटा तक बढ़ सकती है। हालांकि उन्होंने बताया कि अभी तक चक्रवात के स्थलीय क्षेत्र में प्रवेश करने का कोई स्थान तय नहीं हो पाया है और इसके समुद्री इलाके में ही रहने की संभावना है। पिछले वर्ष अक्टूबर में आए फैलिन के बाद ‘हुडहुड’ इस साल का दूसरा भयानक चक्रवात है। वैज्ञानिकों का कहना है कि हालांकि यह फैलिन जितनी तबाही नहीं मचाएगा लेकिन यह उसी श्रेणी का चक्रवात है। उधर, हुदहुद के समुद्री तट के नजदीक पहुंचने के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने किसी को हताहत नहीं होने देने का लक्ष्य रखते हुए ठीक वैसी ही तैयारी की है, जैसा फैलिन चक्रवात से निपटने के लिए किया गया था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।