विशाखापट्टनम की ओर बढ़ रहा चक्रवात 'हुडहुड', तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी
(ANDHRAPRADESH, India) भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात पश्चिम से उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने लगा है और अगले 12 घंटों में यह प्रचंड चक्रवात का रूप धारण कर लेगा। चक्रवात विशाखापत्तनम के पास उत्तर आंध्र प्रदेश तट को 12 अक्तूबर को पार करेगा। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने हुडहुड चक्रवात से निपटने के लिए ओडिशा और आंध्र प्रदेश सरकार से चर्चा की है। मौसम विभाग के एक रिपोर्ट में यहां आज रात बताया कि चक्रवात हुडहुड विशाखापट्टनम से करीब 675 किलोमीटर पूर्व दक्षिण पश्चिम में है। इसने बताया कि अगले 12 घंटों में इसका पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ना जारी रहेगा और यह प्रचंड रूप धारण कर लेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि मछुआरों को समुद्र में नहीं उतरने की हिदायत दी गई है और समुद्र में मौजूद मछुआरों को फौरन तट पर आने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने उत्तर आंध्र प्रदेश तट और दक्षिण ओड़िशा में भारी बारशि की चेतावनी जारी की है। बुलेटिन के मुताबिक चक्रवात से अधिकांश स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इससे उत्तर आंध्र के विशाखापट्टनम, विजयनगरम और श्रीकाकुलम जिले प्रभावित हो सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओड़िशा तटों पर 11 अक्तूबर की सुबह से चलेंगी। इसकी रफ्तार 12 अक्तूबर को 130 से 140 किलोमीटर प्रतिघंटा से लेकर 155 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की उम्मीद है। विभाग ने बताया कि 11 अक्तूबर की सुबह से समुद्र में स्थिति विकट हो सकती है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।