दिल्ली में कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या, एक घायल
(DELHI, India) घटना तब हुई जब हमलावर लोगों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर पुलिसकर्मियों ने इनसे पूछताछ की। तीन दिन के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कांस्टेबल जगबीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया जो शहर के एक अस्पताल में जिन्दगी और मौत से जूझ रहा है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना आज तड़के करीब दो बजे उस समय हुई जब दो कांस्टेबल अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर रात्रि गश्त कर रहे थे। उन्होंने एल ब्लॉक में गली नंबर 7 में कुछ लोगों को एक ऑटो में बैठे देखा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मियों को उनकी गतिविधियां संदेहास्पद लगी और उनसे उन्होंने पूछताछ की। जब संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो दोनों कांस्टेबल मोटरसाइकिल छोड़कर उन्हें विजय विहार पुलिस थाने ले जाने के लिए ऑटो में बैठ गए। उन्होंने बताया कि संदिग्धों ने निकट से कांस्टेबलों पर गोली चला दी और फरार हो गए। संदिग्धों में तीन से चार लोग थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जगबीर की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दूसरे कांस्टेबल को पीठ पर गोली लगी। उन्हें निकट के एक अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। इस मामले में हत्या, हत्या की कोशिश, हथियार कानून और अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अज्ञात हमलावरों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई है। पुलिस ने बताया कि तुरंत ही वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और अपराध शाखा एवं विशेष प्रकोष्ठ को भी मामले की जांच में लगाया गया है। हमलावर काफी कुख्यात लगते हैं क्योंकि वे पुलिसकर्मियों के हथियार भी अपने साथ ले गए। शनिवार की रात तीन लोगों ने कनॉट प्लेस इलाके में दो कांस्टेबलों पर गोली चला दी थी। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।