UPSC प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम घोषित, 16 हजार से ज्यादा उम्मीदवार सफल
(DELHI, India) परीक्षा के महज 50 दिनों के भीतर यूपीएससी ने प्रारंभिक परीक्षा के नतीजे घोषित किए हैं जो एक रिकॉर्ड है।
यूपीएससी के सचिव अशीम खुराना ने बताया, ‘24 अगस्त को हुई परीक्षा में 4,52,334 उम्मीदवार शामिल हुए थे। इनमें से 16,933 उम्मीदवारों को सिविल सेवा मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए योग्य घोषित किया गया है।’ उन्होंने कहा कि इस बार की प्रारंभिक परीक्षा में पिछले साल के मुकाबले 40 फीसदी ज्यादा छात्र शामिल हुए थे। पिछले साल 3,24,279 छात्रों ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा दी थी। खुराना ने कहा, ‘पिछले सालों में प्रारंभिक परीक्षा की तारीख और इसके नतीजे घोषित करने की तारीख के बीच औसतन 68 दिनों का अंतराल होता था। बहरहाल, इस साल रिकॉर्ड 50 दिनों में नतीजे घोषित कर दिए गए। सफल उम्मीदवारों को इस बार मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए पढ़ने का ज्यादा वक्त मलेगा।’ इस साल देश भर के 59 शहरों में 2,137 केंद्रों पर सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया गया था। प्रारंभिक परीक्षा में सफल घोषित उम्मीदवार 14 दिसंबर से शुरू हो रही सिविल सेवा मुख्य परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।