आंध्र प्रदेश: चक्रवात प्रभावित क्षेत्र में बिजली एवं जलापूर्ति में सुधार
(ANDHRAPRADESH, India) करीब पांच दिन पहले तटीय क्षेत्र में समुद्री तूफान हुदहुद आया था और उसने भयंकर तबाही मचायी थी। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पूरा प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य बनाने के लिए कठोर प्रयास कर रहा है। इस बंदरगाह शहर के ज्यादातर इलाकों में बिजली और पेयजल की आपूर्ति हो रही है। रविवार को इस शहर ने चक्रवात का दंश झेला था। नायडू ने उम्मीद जतायी कि कल शाम तक विद्युत बहाली का 80 फीसदी काम पूरा हो जाएगा जबकि 90-100 फीसदी बिजली आपूर्ति तथा 90 फीसदी संचार सेवाएं सामान्य हो जाएंगी। ऊर्जा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि प्रभावित जिलों में संकट से उबरने के लिए ओड़िशा से बिजली हासिल करने की कोशिश चल रही है। बिजली आपूर्ति बहाल करने के काम में विशाखापत्तनम ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 1000, विजयनगरम में 1500 तथा अन्य लोग श्रीकाकुलम में लगे हैं। चक्रवात के चलते 38 लोगों की जान चली गयी, 320 गांवों में 43 लोग घायल हो गए, तथा करीब ढाई लाख लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन के आकलन के अनुसार 11,318 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। 1.35 लाख से ज्यादा लोगों ने 223 राहत शिविरों में आश्रय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं (बचाव एवं राहत कार्यो में लगे) विभिन्न विभागों के काम की अभी प्रशंसा नहीं करना चाहता। जब शहर में जनजीवन सामान्य हो जाएगा तब मैं उन सभी की प्रशंसा करूंगा जो बचाव एवं राहत कार्य में लगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।