आंध्र की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट में मरने वालों की संख्या 17 हुई
(India) मरने वालों में 14 महिला हैं और तीन अन्‍य लोग शामिल हैं। इस हादसे में कई अन्य घायल भी हुए हैं। पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के दौरान घायल हुए छह और लोगों के स्थानीय अस्पताल में दम तोड़ देने पर विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। पूर्वी गोदावरी जिले के पुलिस अधीक्षक एम रवि प्रकाश ने बताया कि छह घायलों के काकीनाड़ा शहर के अस्पताल में दम तोड़ देने के बाद विस्फोट में मरने वालों की संख्या 11 से बढ़कर 17 हो गई है। मरने वालों में 14 महिलाएं और तीन पुरूष हैं। निजी पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट कल दोपहर को उस समय हुआ जब ये लोग वहां काम कर रहे थे। यह पटाखा इकाई काकीनाड़ा के जिला मुख्यालय के पास उप्पडा कोथापल्ली मंडल में वकाटिप्पा गांव में स्थित है। पहले पुलिस ने कहा था कि विस्फोट के समय 18 कर्मचारी पटाखा फैक्ट्री में काम कर रहे थे। बाद में, आंध्र प्रदेश के उप प्रमुख मंत्री एन चिन्नाराजप्पा ने कहा कि विस्फोट के समय पटाखा इकाई में 30 लोग मौजूद थे। उन्होंने कहा कि जिस फैक्ट्री में विस्फोट हुआ है, उसने लाइसेंस के नवीकरण के लिए आवेदन किया था। इस विस्फोट में नौ कर्मचारियों की मौके पर मौत हो गई जबकि दो अन्य की मौत कल अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। प्राथमिक रिपोर्टों के अनुसार, यह विस्फोट पटाखे बनाने के दौरान एक रासायनिक अभिक्रिया की वजह से हुआ था। जिला कलेक्टर नीतू प्रसाद ने विस्फोट की न्यायिक जांच का आदेश दिया है जबकि राज्य सरकार ने कहा था कि अवैध रूप से संचालित हो रही पटाखा इकाइयों को बंद कराने के कदम उठाए जा रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।