(CHHATTISGARH, India)
सूरजपुर जिले के पुलिस अधीक्षक प्रखर पांडेय ने आज भाषा को दूरभाष पर बताया कि सोमवार देर शाम जिले के चंदोरा पुलिस थाना क्षेत्र के पेंडारी घाट में एक यात्री बस के गड्ढे में गिरने से बस में सवार पांच लोगों की मौत हो गई तथा 26 अन्य घायल हो गए हैं। पांडेय ने बताया कि सोमवार को एक यात्री बस अंबिकापुर से बैधान के लिए रवाना हुई थी। बस जब कुछ दूरी पर पेंडारी घाट पहुंची तब चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस लगभग 50 फुट गहरे गड्ढे में जा गिरी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद अन्य यात्रियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी तब क्षेत्र के लिए पुलिस दल रवाना किया गया। बाद में पुलिस दल ने शवों और घायलों को घटनास्थल से बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से 16 घायलों को अंबिकापुर जिला मुख्यालय के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायलों को प्रतापपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।