हुदहुद के बाद अब गुजरात के तटीय जिलों में नीलोफर का खतरा
(GUJARAT, India) भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने एक बयान में कहा कि अरब सागर के पश्चिम मध्य और उसके आसपास दक्षिण पश्चिमी इलाके से चक्रवातीय तूफान नीलोफर आंशिक रूप से उत्तर की ओर बढ़ा और वह रविवार शाम साढ़े पांच बजे गुजरात के नलिया से दक्षिण पश्चिम दिशा में 1240 किलोमीटर की दूरी, पाकिस्तान के कराची से दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में 1300 किलोमीटर की दूरी पर और ओमान के सलाह से पूर्व-दक्षिणपूर्व में 900 किलोमीटर की दूरी पर केंद्रित था। वह अगले 24 घंटे के दौरान भयंकर चक्रवाती तूफान के रूप में और तेज होगा तथा अगले 48 घंटे के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। फिर वह उत्तरपूर्व की ओर मुड़ जाएगा एवं 31 अक्तूबर की सुबह तक उत्तरी गुजरात तथा समीप में पाकिस्तान के तटीय इलाकों में पहुंचेगा। विभाग ने कहा, ‘इस चक्रवात के प्रभाव से सौराष्ट्र एवं कच्छ के तटीय जिलों में 30 अक्तूबर सुबह से छिटपुट स्थानों पर भारी से भारी बारिश होने लगेगी।’ उसने कहा कि 30 अक्तूबर की सुबह से गुजरात तट और उससे दूर समुद्र में 45-65 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी । समुद्र की दशा खराब से काफी खराब रहेगी। विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे तट से लौट आएं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।