(Amber, Jaipur)
राज्य के गृह विभाग का जिम्मा संभालने के बाद गुलाबचंद कटारिया ने पुलिस के आलाधिकारियों की बैठक ली और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चर्चा कर अधिकारियों को निर्देश जारी किए। वहीं गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि प्रदेश के सभी संभागों के अधिकारियों से वहां की स्थिति पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए जाएगें। इसके लिए सभी पुलिस अधीक्षकों से रिपोर्ट मांगी गई है। चित्रकूट में हुई डकैती और दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात के बाद राजस्थान पुलिस का ध्यान एक बार फिर प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों की तरफ गया है। इसके लिए राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी कर बांग्लादेशियों को खदेडने को कहा था। वहीं गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने बांग्लादेशियों के खिलाफ चलाए गए अभियान पर कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से चलाए गए इस अभियान में केंद्र सरकार का भी सहयोग लिया जाएगा। कटारिया ने कहा कि बांग्लादेशियों को प्रदेश सरकार बार्डर तक खदेड सकती है लेकिन इस समस्या का स्थाई समाधान केंद्र सरकार ही कर सकती है । प्रदेश में बढती गौ तस्करी और गौ हत्या की घटनाओं को रोकने की तैयारी है। प्रदेश के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने गृह विभाग की जिम्मेदारी संभालते ही गौ तस्करी की घटनाओं पर 6 महिने में अंकुश लगाने और तस्करों पर शिकंजा कसने की बात कही। साथ ही कटारिया ने कहा कि प्रदेश में अलवर और भरतपुर जिलों में गौ तस्करी के मामले अधिक सामने आते है। इसके लिए दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों से चर्चा कर ऐसे मामलों में जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।