असम हिंसा: 76 की मौत, 4 जिलों में कर्फ्यू, गृहमंत्री ने सख्ती से निपटने के दिए आदेश
(ASSAM, India) उग्रवादियों द्वारा कोकराझार और सोनितपुर जिले में मंगलवार को हमले के बाद सेना और अर्द्धसैनिक बलों ने कमान अपने हाथों में ले ली। जवाबी कार्रवाई में बुधवार सुबह पांच उग्रवादी सोनितपुर और चिरांग जिले में मारे गिराए। हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों को नियंत्रित करने के लिए की गई पुलिस फायरिंग में भी तीन लोगों की मौत हो गई। कोकराझार, चिरांग, उदलगुरी और सोनितपुर में कर्फ्यू लगाया गया है। करीब 5,000 आदिवासियों और बोडो ने अपना घर छोड़कर चर्चों और स्कूलों में शरण ली है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह स्थिति को जायजा लेने बुधवार को असम पहुंचे। राज्य के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई से मुलाकात के बाद सिंह ने कहा कि मंगलवार को हुई घटना की जांच राष्ट्रीय सुरक्षा जांच एजेंसी करेगी। सिंह ने सुरक्षा बलों को संगठन के साथ आतंकी समूह की तरह मजबूती के साथ पेश आने के निर्देश दिए हैं। सेना की टुंकडियों को हिंसा प्रभावित चारों जिले कोकराझार, चिरांग, उदलगुरी और सोनितपुर में तैनात किया गया है। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर सेना अपने ऑपरेशन को अंजाम दे रही है और स्थिति पर नजर रखने के लिए हेलीकॉप्टरों का भी सहारा लिया जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने कहा, "हम लोग उग्रवादियों से निपटने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की है। केंद्र सरकार ने सेना को उग्रवादियों के खिलाफ एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। केंद्र ने केंद्रीय सुरक्षा बलों की 55 कंपनियां भी प्रभावित जिलों में भेजी हैं। आतंकियों ने भूटान, म्यानमार और अरूणाचल प्रदेश में शरण ले रखी है। हमारा तत्काल लक्ष्य हिंसा को रोकना है। हम सभी लोगों से शांति की अपील करते हैं।"

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।