(DELHI, India)
आसाराम को सुप्रीम कोर्ट से सोमवार को उस वक्त करारा झटका लगा जब एम्स की मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद कोर्ट ने कहा कि आसाराम को फिलहाल गामा सर्जरी की जरूरत नहीं है और ऐसे में उन्हें राहत नहीं दी जा सकती। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि उनका इलाज ओपीडी में भी हो सकता है, बचाव पक्ष के वकीलों के कहने पर फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई 20 जनवरी तक टाल दी है। जस्टिस टीएस ठाकुर की पीठ ने जब एम्स के डॉक्टरों के पैनल की रिपोर्ट देखने के बाद सर्जरी की ज़रूरत को नकार दिया तब आसाराम के वकील सलमान खुर्शीद ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट हमें नहीं मिली है। इसके बाद पीठ ने मेडिकल रिपोर्ट सभी पक्षकारों को मुहैया कराने का निर्देश जारी करते हुए खुर्शीद से कहा कि चिकित्सकों की रिपोर्ट देखने के बाद आपके मुवक्किल को कोई राहत नहीं दी जा सकती। अदालत के फैसले के बाद खुर्शीद ने अदालत से गुजारिश की, कि उन्हें रिपोर्ट पर बहस करने का मौका दिया जाए क्योंकि रिपोर्ट में कई तकनीकी पहलुओं पर गौर नहीं किया गया है। ऐसे में रिपोर्ट पर बहस करने और उसे विस्तार से पढ़ने के लिए 4 सप्ताह का समय दिया जाए। पीठ ने खुर्शीद के तर्क पर सुनवाई को बीस जनवरी तक के लिए टालते हुए रिपोर्ट पर बहस की अनुमति प्रदान कर दी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।