(International)
डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में शनिवार शाम से अब तक हुए अलग-अलग हमलों में दो लोगों की मौत हो गई और पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. पुलिस ने इस बाबत रविवार तड़के अपने एक बयान में कहा कि गोलीबारी की ताजा घटना कोपेनहेगन के नोरेब्रो स्टेशन के करीब हुई. इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.इससे पहले शनिवार शाम एक बंदूकधारी शहर की एक इमारत में घुस आया और वहां 'कला, ईशनिंदा व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता' विषय पर चल रही बैठक पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं. इस बैठक में पैगंबर मोहम्मद का विवादास्पद कार्टून बनाने वाले कार्टूनिस्ट लार्स विल्क्स मौजूद थे. उनके इस विवादास्पद कार्टून के विरोध में 2007 में दुनियाभर में प्रदर्शन हुए थे.बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने कहा है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोलीबारी की ताजा घटना पिछले हमले से जुड़ी हुई है या नहीं. डेनमार्क की प्रधानमंत्री हेले थोरनिंग-शिमि ने शनिवार को पहले हमले के बाद कहा कि यह आतंकवादी हमला है. उन्होंने कहा कि डेनमार्क हिंसा के आगे कभी नहीं झुकेगा. हेले ने कहा, 'हमले के जिम्मेदार लोगों की तलाश में सारे संसाधन लगाए जाएंगे. दोषियों को अदालत के सामने पेश किया जाएगा.'इस बीच व्हाइट हाउस ने कोपेनहेगन में हुई गोलीबारी की घटनाओं को 'दर्दनाक' करार दिया और दोहरे हमले की जांच में मदद करने का संकल्प लिया. राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता बर्नाडेट मीहन ने कहा, 'अमेरिका कोपेनहेगन में हुई दर्दनाक घटना की निंदा करता है.' उन्होंने पहले हमले में एक व्यक्ति के मारे जाने की घटना पर संवेदना जाहिर की.मीहन ने कहा, 'हम हमारे डेनमार्क के समकक्षों के संपर्क में है और जांच में किसी भी तरह की सहायता देने के लिए बिल्कुल तैयार खड़े हैं.'
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।