कार चोर गिरोह से संबंध के आरोप में विधायक गिरफ्तार
(India)
कांग्रेस की विधायक रूमी नाथ को देश भर में फैले कार चोरों के गिरोह के साथ कथित संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त एस लाल बरूआ ने बताया, हमने उन्हें सुबह करीब सात बजे विधायक छात्रावास से गिरफ्तार किया। दिन में उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में भेजे जाने की मांग की जाएगी। उन्होंने बताया कि रूमी को कार चोरों के गिरोह से कथित तौर पर संबंध रखने के आरोप में आईपीसी की धारा 120(बी) (आपराधिक षडयंत्र), 420 (जालसाजी), 212 (अपराधियों को प्रश्रय देने) के तहत गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेस की विधायक रूमी ने कल संवाददाताओं से कहा था कि वह फरार नहीं हुई हैं। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि मैं फरार नहीं हूं। मैं निर्दोंष हूं। अग्रिम जमानत मांगने का अर्थ यह नहीं है कि मैं दोषी हूं। अगर मैं दोषी साबित होती हूं तो मैं जेल जाने के लिए तैयार हूं। इससे पहले, गौहाटी उच्च न्यायालय अलग अलग थानों में दर्ज दो मामलों के सिलसिले में अग्रिम जमानत की विधायक की दो याचिकाएं खारिज कर चुका है।रूमी ने अपने दूसरे पति जैकी जाकिर की गिरफ्तारी के बाद नौ अप्रैल को अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था। जाकिर और रूमी अलग अलग रहते हैं। जाकिर को आठ अप्रैल को करीमगंज जिले में बदरपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था। रूमी के निजी सुरक्षा अधिकारी बेदव्रत बरपत्रा गोहैन को राज्य की राजधानी में विशेष शाखा मुख्यालय से पकड़ा गया था। पूछताछ के दौरान पाया गया कि कथित कार चोरों के गिरोह के मुखिया अनिल चैहान को रूमी की सिफारिश पर असम विधानसभा के कार पास जारी किये गए थे। चैहान को गुवाहाटी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह दिल्ली, मुंबई और अन्य राज्यों में कई मामलों में वांछित था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।