हरियाणा में बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं उन्हें न तो पुलिस का डर है और न ही सजा की फिक्र. इसकी ताजा मिसाल देखने को मिली हिसार में. जहां बदमाशों ने एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी. खास बात ये है कि इस युवक को पुलिस सुरक्षा मिली हुई थी. और वह जल्द ही कुछ लोगों के खिलाफ अदालत में गवाही देने वाला था. हिसार के बालसमन्द गांव में रहने वाला 21 वर्षीय संदीप गुरुवार की सुबह जैसे ही घर से बाहर निकला, कुछ अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोलियां बरसा दी. संदीप को कई गोलियां लगी. और वो मौके पर ही गिर पड़ा. हमलावर संदीप के गिरते ही हवा में फायर करते हुए मौके से फरार हो गए. हमले के वक्त संदीप का सुरक्षा कर्मी बाथरूम में था. संदीप पर पहले भी दो बार जानलेवा हमले हो चुके थे. इसलिए उसे पुलिस सुरक्षा दी गई थी. दरअसल संदीप की हत्यारे उसके पड़ोसी ही बताये जा रहे हैं. जिनसे उसकी रंजिश चल रही थी. पुलिस के मुताबिक पैसे के लेन देन को लेकर संदीप और उसके पडोसी के बीच कहासुनी हो गई थी. उसके बाद संदीप को दो बार जान से मारने की कोशश की गई. लेकिन हत्यारों के सर पर संदीप की हत्या का भूत सवार था. और संदीप की कोर्ट में गवाही से एक दिन पहले ही हत्यारे अपने मकसद में कामयाब हो गए.
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।