दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में शुक्रवार रात जिम चलाने वाले एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय कृष्ण पाल यादव के रूप में की गई है। वारदात के समय वह अपनी कार में बैठा हुआ था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने बताया कि इस संबंध में रंजिश सहित विभिन्न कोणों से छानबीन की जा रही है। पुलिस परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार कृष्ण पाल परिवार सहित हैदरपुर गांव में रहता था। उसके परिवार में माता-पिता, भाई एवं पत्नी है। एक साल पहले ही उसका विवाह हुआ था। वह पीतमपुरा इलाके में जिम चलाता था। शुक्रवार रात लगभग 10.30 बजे उसने जिम बंद किया। जिम से लगभग 100 मीटर की दूरी पर उसने अपनी कार खड़ी की थी। वहां से घर जाने के लिए वह अपनी गाड़ी के समीप पहुंचा। वह गाड़ी के अंदर जैसे ही बैठा, वहां अज्ञात बदमाश आए और उसके ऊपर ताबड़तोड़ गोली चलाकर फरार हो गए। पुलिस को घटना की जानकारी 10.40 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल अवस्था में कृष्ण को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबेडकर अस्पताल के शवगृह भिजवा दिया। प्राथमिक जांच में कृष्ण को दो गोली लगने की बात सामने आई है। पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने बताया कि घटना को लेकर मृतक के परिवार से बातचीत की गई है। इसमें पता चला कि वह बीते चार-पांच दिनों से कुछ परेशान चल रहा था। हालांकि इसकी वजह उसने अपने परिवार को नहीं बताई थी। परिजनों का यह भी कहना है कि उन्हें कृष्ण की किसी से रंजिश होने की जानकारी नहीं है। फिलहाल मौर्या एंक्लेव पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की चार टीमें छानबीन में जुटी हुई हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।