इलाहाबाद विश्वविद्यालय में ग्रुप सी कर्मचारियों के 250 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए दो चरणों में विज्ञापन जारी किए जाएंगे। पहले चरण में उन 80 तकनीकी पदों के लिए विज्ञापन होगा जो 54 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू होने के बाद मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने स्वीकृत किए थे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद से ही कुलपति प्रो. आरएल हांगलू इविवि में लंबे अर्से से रिक्त शिक्षकों और कर्मचारियों के पदों को भरने की दिशा में काम कर रहे हैं। शिक्षकों के 290 पदों के लिए विज्ञापन फरवरी के पहले सप्ताह में जारी कर आवेदन पत्र लिए गए। अब कर्मचारियों के रिक्त पदों को विज्ञापित करने के लिए तेजी से काम चल रहा है। कुलपति ने शिक्षा शास्त्र विभाग के वरिष्ठ शिक्षक प्रो. केएस मिश्र को कर्मचारियों की भर्ती का जिम्मा सौंपा है। सबकुछ ऐसा ही रहा तो इस पखवारे में 80 तकनीकी पदों का पहला विज्ञापन जारी भी हो सकता है। बता दें कि जून 2008 में ओबीसी आरक्षण के तहत 54 फीसदी सीटें बढ़ाने का फैसला हुआ था। यह सीटें क्रमवार तीन वर्षों में बढ़ाई गईं। यूजीसी ने छात्रों की संख्या में हुई वृद्धि को देखते हुए संसाधन विकसित करने के 232 करोड़ रुपये दिए थे। शिक्षकों के 270 पद सृजित किए गए थे लेकिन कर्मचारियों का पद सृजित नहीं किया गया था। इविवि ने मंत्रालय और यूजीसी को 450 कर्मचारियों के पद स्वीकृत करने का प्रस्ताव भेजा था लेकिन सरकार ने सिर्फ 80 तकनीकी पद ही स्वीकृत किए थे।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।
