बदायूं में बेवफाई करने का खामियाजा एक तांत्रिक को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। बेवफाई से बौखलाई प्रेमिका ने मंगलवार देर रात अपने एक सहयोगी की मदद से तांत्रिक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला समेत उसके भाई को कस्टडी में ले लिया है। वहीं तांत्रिक की पत्नी की ओर से प्रेमिका समेत एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है। कस्बा कुंवरगांव में रहने वाला जुगेश जोशी मूलरूप से बिल्सी का रहने वाला था। बीते कई साल से वह कुंवरगांव स्थित अपनी ससुराल में पत्नी सर्वेशा के साथ रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, यहां रहने वाली सलमा नाम की युवती से तांत्रिक के अवैध संबंध थे। वहीं पिछले दिनों तांत्रिक एक अन्य महिला से संपर्क बनाए हुए था। सलमा ने इसका विरोध भी किया और पुलिस को तहरीर देकर तांत्रिक पर मारपीट का आरोप भी लगाया था। मंगलवार रात तांत्रिक और उसकी पत्नी छत पर सो रहे थे। करीब पौने 12 बजे सलमा व एक अन्य व्यक्ति ने उनका दरवाजा खटखटाया। तांत्रिक ने कुंडी खोली तो उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। एसओ कुंवरगांव वहीद खां ने बताया कि मुकदमा मृतक की पत्नी की ओर से दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल लाश पीएम को भेजी गई है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।