सहारनपुर में व्यापारी की गोली मारकर हत्या
(India)
सहारनपुर के प्रमुख मोबाइल फोन व्यापारी व सिविल लाइंस चैकी के सामने स्थित गिफ्ट ओ शोपी के स्वामी हिमांशु की देर रात 11.30 बजे उनके सदर बाजार क्षेत्रांतर्गत जैन कालेज रोड आवास विकास स्थित आवास के बाहर छह बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हिमांशु अपनी शॉप बंद कर घर के बाहर पहुंचे ही थे कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हिमांशु को गोली मारने के बाद सशस्त्र बदमाश नकदी से भरा बैग भी ले गए, जिसमें दिन भर की बिक्री का पैसा था। बताया जाता है कि बदमाश तीन बाइकों पर फरार हुए। परिजनों के मुताबिक हिमांशु को पेट में सटाकर गोली मारी गई और अस्पताल से उन्हें जोली ग्रांट देहरादून रेफर कर दिया गया। छुटमलपुर के पास हिमांशु ने दम तोड़ दिया। एंबुलेंस को वापस जिला अस्पताल सहारनपुर लाया गया। देर रात 2 बजे तक शव इमरजेंसी के बाहर एंबुलेंस में ही पड़ा है और दो मासूम बच्चों के साथ परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। शहर के काफी लोग इमरजेंसी के बाहर जमा हैं। लूटी गई नकदी लाखों की बताई जा रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।