गीतकार पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने राजेश खन्ना के खिलाफ बयान देने के लिए नसीरुददीन शाह की आलोचना की है। नसीरुददीन ने हाल में कहा था कि 1970 के दशक में बॉलीवुड फिल्मों के औसत दर्जे का होने के लिए राजेश खन्ना जिम्मेदार हैं। हालांकि अख्तर ने कवि और गीतकार गुलजार की जमकर प्रशंसा की। अट्टा गलाटा की तरफ से आयोजित पहले बेंगलुरू कविता उत्सव में हिस्सा लेने आए अख्तर ने कहा, नसीरुददीन शाह सफल लोगों को पसंद नहीं करते। मैंने उन्हें कभी भी सफल लोगों की प्रशंसा करते नहीं सुना। वह दिलीप कुमार की आलोचना करते हैं। वह अमिताभ बच्चन की आलोचना करते हैं। शाह के बयान की काफी आलोचना हुई थी और अख्तर के कभी सहयोगी रहे सलीम खान ने उनके बयान को निराशाजनक और कड़वाहटपूर्ण बताया था। अख्तर ने गुलजार के लिखे गानों की प्रशंसा करते हुए कहा, जब मैं उनके गाने सुनता हूं तो मुझे पूछना नहीं पड़ता है कि इसे किसने लिखा है। आसानी से पता चल जाता है कि यह गुलजार का गीत है और काल्पनिक कविता लिखना आसान काम नहीं है। आप इसे कमतर नहीं आंक सकते। बहुत कम लेखक यह उपलब्धि हासिल कर सकते है। वास्तव में मैं उनके काम का बहुत सम्मान करता हूं। अख्तर ने कहा कि गुलजार से तुलना की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि उनका और गुलजार का अलग स्टाइल है। उन्होंने कहा, तुलना करने की जरूरत नहीं है। अलग अलग लेखकों की अलग शैली होती है। इसलिए कोई भी स्टाइल अच्छा काम और बुरा काम दोनों परिणाम दे सकता है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।