उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में बाढ़ के कारण हालात बिगड़ गए हैं। इससे उत्तर प्रदेश और बिहार में 40 लाख से अधिक लोग प्रभावित हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के 28 जिले बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बाढ़ पीड़ितों को मदद और राहत के लिए भाजपा सांसद सीआर पाटिल को काम पर लगाया गया है। कई स्थानों पर बचाव और राहत कार्य के लिए एनडीआरएफ की मदद ली जा रही है। उत्तर प्रदेश में गंगा नदी उफान पर है। इसके चलते इलाहाबाद, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया के कुल 950 से ज्यादा गांवों की साढ़े आठ लाख से ज्यादा की आबादी प्रभावित हुई है। प्रदेश के सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने गुरुवार को बलिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने स्वीकारा कि वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में हालात बहुत खराब हो गए हैं। बलिया में ही दो लाख से ज्यादा की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। इलाहाबाद, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर एवं बलिया में बाढ़ से निपटने के लिए अब तक 323 बाढ़ चैकियां, 142 राहत शिविर तथा 101 राहत वितरण केंद्रों की स्थापना की गई है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।