टिकट देने के नाम पर किया दुष्कर्म
(India)
रोहिणी में रहने वाली एक महिला ने आम आदमी पार्टी के दो नेताओं पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आगामी चुनाव में टिकट दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। बीते पांच नवम्बर को आरोपी ने उसे टिकट दिलवाने से इंकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर रोहिणी साउथ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। 24 वर्षीया पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने पति के साथ रोहिणी में रहती है। कुछ माह पूर्व उसकी मुलाकात आप पार्टी के नेता राम प्रताप गोयल से हुई थी। इसके बाद उनके बीच अकसर बातचीत होने लगी। महिला का आरोप है कि कुछ माह पूर्व राम प्रताप ने टिकट दिलाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वो आये दिन उससे सम्बन्ध बनाने लगा। उसने जब टिकट के लिए कहा तो राम प्रताप ने उसे भूपेंद्र से मिलवाया। उसने कहा कि टिकट के लिए उसे भूपेंद्र से भी शारीरिक संबंध बनाने होंगे। इसके बाद दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बीते 5 नवम्बर को राम प्रताप उसे अपने साथ कनाट प्लेस के एक होटल में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने टिकट के लिए कहा तो राम प्रताप ने इंकार कर दिया। इसके बाद महिला ने घर लौटकर मामले की शिकायत पुलिस से की। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं। राम प्रताप बहरी जिले का कोषाध्यक्ष है जबकि दूसरा आरोपी भूपेंद्र आप पार्टी की एक विधायक का पिता बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले को लेकर कुछ भी कहने से बच रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।