टोल टैक्स कर्मचारी से लूटपाट करने वाले बदमाश दबोचे गए
(India)
दिल्ली के कंझावला में टोल टैक्स कर्मचारी से लूटपाट करना बदमाशों को महंगा पड़ा। कर्मचारियों ने इन लुटेरों का मुकाबला करते हुए उनमें से तीन बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया जबकि उनके दो साथी फरार होने में कामयाब रहे। इनके खिलाफ कंझावला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार कंझावला में रहने वाला सूरज भान टोल टैक्स पर नौकरी करता है। रविवार देर रात टोल पर आकर एक कार रुकी। सूरज ने चालक से टोल टैक्स मांगा तो वह नाराज हो गया। उसने कहा कि वह टोल टैक्स नहीं देगा। इस बात को लेकर उनके बीच कहासुनी होने लगी। इसके बाद चालक वहां से कार लेकर चला गया। कुछ देर बाद दो बाइक पर सवार होकर पांच युवक वहां आ धमके। उन्होंने सूरज के साथ कहासुनी करते हुए मारपीट शुरु कर दी। इतना ही नहीं टोल टैक्स से एकत्रित किए गए हजारों रुपये भी उन्होंने लूट लिए। यह रकम लूटकर वह भागने लगे। सूरज ने शोर मचाया तो अन्य कर्मचारी वहां दौड़कर आए। उन्होंने भागने की कोशिश कर रहे तीन बदमाशों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सोमवीर, नवीन और मोहित बताए हैं। अन्य दोनों बदमाशों की पहचान भी पुलिस ने कर ली है। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।