गोवा पुलिस ने जब्त किए 1.5 करोड़ रुपए के नए नोट
(India)
पुलिस ने गोवा के पणजी में छापे मारकर 1.5 करोड़ रुपए के नए नोट बरामद किए हैं। बरामद किए गए नोट 2000 रुपए के हैं। पुलिस ने ये नोट पोंडा और पोर्वोरिम में छापे मारकर जब्त किए हैं। पुलिस ने इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साथ ही बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। बता दें, बड़ी राशि में नए नोट मिलने की पहले भी कई खबरें आई हैं बुधवार को ही पश्चिम बंगाल में भाजपा के पूर्व नेता मनीष शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। शर्मा को करीब 10 लाख रुपए के साथ पकड़ा गया है। यह रकम 2000 रुपए के नए नोट के रूप में उनके पास थी। शर्मा भाजपा के टिकट पर रानीगंज से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। चुनाव में 18 फीसदी वोट पाकर वह तीसरे स्थान पर रहे थे। रानीगंज सीट माकपा ने जीती थी। शर्मा को कुछ कोयला माफिया के साथ पकड़ा गया है। उन पर मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि 8 नवंबर को नोटबंदी का ऐलान होने के बाद काला धन की बरामदगी लगातार हो रही है। वित्त मंत्रालय का कहना है कि इस दौरान लोगों ने दो हजार करोड़ की अघोषित आमदनी का खुलासा किया है। इसके बावजूद नकदी बरामदगी के कई मामले सामने आ रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।