UP बोर्ड हाईस्कूल परीक्षार्थियों को बांटा गया मोबाइल पर आउट हुआ पेपर
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) सोमवार को यूपी बोर्ड में हाई स्कूल की परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले अंग्रेजी का पेपर लीक हो गया। एग्जाम 7:30 बजे शुरू होता है पर अंग्रेजी का पर्चा आधे घंटे पहले ही मार्केट में आउट हो गया। दसवीं की परीक्षा का पेपर व्हाट्स एप पर लीक होने से हड़कंप तो मच गई है। बरेली सेंटर में ऐसे होने की खबर आई है।

बोर्ड परीक्षा में सोमवार को हाई स्कूल अंग्रेजी का पेपर आउट हो गया है। सोमवार को सुबह सात बजे तमाम छात्रों के मोबाइल पर जो पेपर वायरल हुआ पूरा का पूरा वही पेपर ही परीक्षार्थियों को बांटा गया। इस पेपर का कोड 817 एएल है।

हिन्दुस्तान के पास भी सुबह 7.15 बजे यह वायरल पेपर आ गया था। पेपर देखने के बाद 7.27 पर इस की सूचना डीआईओएस को दी गई। साथ ही डीआईओएस को भी पूरा पेपर भेज दिया गया। डीआईओएस उस वक़्त छापेमारी के लिए निकले हुए थे। 7.50 पर पुष्टि हो गई कि जो पेपर मोबाइल पर वायरल हुआ है वह ही परीक्षा में बांटा गया है।

डीआईओएस ने बताया कि आदर्श इंटर कॉलेज भमौरा से गड़बड़ी की सूचना मिली थी। वहां पेपर शुरू होने से पहले ही सचल दल भेज दिया गया। यह पता करने की कोशिश की जा रही है कि आखिर पेपर कहाँ से वायरल हो रहा है। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को भी दी गई है। ऐसा भी जो सकता है कि पेपर किसी और जिले से आउट होकर बरेली के लोगों के पास पहुंच रहा हो।

इससे पहले शनिवार को दूसरी पाली में इंटर केमिस्ट्री का पेपर भी 20 मिनट पहले आउट हुआ था। उस दिन भी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई थी कि पेपर किस सेंटर से आउट हुआ है। ख़ास बात यह है कि मीडिया तक वायरल पेपर परीक्षा शुरू होने से 30 या 20 मिनट पहले ही आ रहा है। जबकि पूरी संभावना इस बात की है कि नकल माफिया पेपर काफी समय पहले ही आउट कर छात्रों को महंगे दामों में बेच चुके हो।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।