स्मार्ट इंडिया हैकथॉन 2017 10 हजार छात्रों को संबोधित करेंगे PM मोदी
(India) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कूटनीति से लेकर अवसंरचना और प्रौद्योगिकी से लेकर अध्यात्म समेत विविधि विषयों पर युवाओं को संबोधित करेंगे। इसमें करीब 10,000 युवा समस्याओं के नवोन्मेषी समाधान के लिए 36 घंटे एकसाथ बैठकर मंथन करेंगे। पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी छात्रों को संबोधित करेंगे।

पीएम मोदी ने इसकी जानकारी कल टवीट कर दी। उन् कहा मैं कल रात दस बजे स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में हिस्सा लूंगा। प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद इसमें हिस्सा ले रहे विभिन्न स्थानों से ताल्लुक रखने वाले युवाओं के बीच बातचीत होगी।

स्मार्ट इंडिया हैकथॉन का उद्देश्य युवाओं और खास तौर से इंजीनियरिंग के छात्रों में नवाचार को प्रोत्साहन देने व नए विचारों को सामने लाना है। इसके तहत भारत सरकार के 29 मंत्रालयों व विभागों द्वारा चिन्हित सामाजिक महत्व की समस्याओं पर ध्यान दिया जाएगा। स्मार्ट इंडिया हैकथॉन का आरंभिक बिंदु डिजिटल इंडिया स्टार्ट-अप इंडिया व मेक इन इंडिया है जिसके लिए कुशल और अभिनव विचारों वाली श्रम शक्ति की आवश्यकता होती है।

इस आयोजन में 10000 से अधिक प्रोग्रामर हिस्सा लेंगे, जिसके कारण यह दुनिया में अब तक का सबसे बड़ा हैकथॉन आयोजन बन गया है। स्मार्ट इंडिया हैकथॉन का ग्रांड फिनाले देश के 26 विभिन्न स्थानों पर 1 अप्रैल को सुबह आठ बजे शुरू होगा और 2 अप्रैल को आठ बजे रात में समाप्त हो जाएगा।प्रत्येक स्थान को भारत सरकार के किसी न किसी विभाग या मंत्रालय के अधीन रखा गया है। फिनाले की तैयारी में लगभग 2110 सलाहकारों ने छात्रों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया।

फिनाले के दौरान चुने हुए समूह 1 अप्रैल की सुबह से अगले 36 घंटे तक सक्रिय रहेंगे और प्रोग्रामिंग के जरिए समस्या संबंधी डिजिटल हल निकालेंगे ताकि कंप्यूटर सॉफ्टवेयर या मोबाइल ऐप बनाए जाएं। तैयार होने वाले सॉफ्टवेयर का निर्णायक विश्लेषण संबंधित मंत्रालय और उद्योग जगत के विशेषज्ञ करेंगे।

बेहतरीन तीन सोल्यूशन के लिए टीमों को क्रमश: एक लाख रुपये, 75 हजार रुपये और 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कृत सॉफ्टवेयर को मंत्रालय व विभाग अपने कामकाज संबंधी प्रणालियों में सुधार के लिए इस्तेमाल करेंगे। मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर इस अभियान के प्रमुख संरक्षक हैं। मानव संसाधन विकास मंत्रालय एआईसीटीई के माध्यम से इस अभियान को चला रहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।