जासूसी का आरोप पाक कोर्ट ने सुनाई कुलभूषण जाधव को मौत की सजा
(DELHI, DELHI) पाकिस्तान ने सोमवार को कथित भारतीय रॉ एजेंट और पूर्व नौसैनिक अधिकारी कुलभूषण यादव को सजा-ए-मौत की सजा सुनाई है। कुलभूषण यादव पर पाकिस्तान में जासूसी करने का आरोप था। कुलभूषण यादव को पिछले वर्ष 3 मार्च 2016 को बलूचिस्तान से गिरफ्तार किया गया था।

पाकिस्तान की इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) की ओर से जारी बयान में कहा गया है पाकिस्तानी आर्मी ऐक्ट (PAA) के तहत जासूस को फील्ड जनरल कोर्ट मार्शल (FGCM) द्वारा मौत की सजा दी गई थी। आज आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा ने उसकी मौत की सजा पर मुहर लगा दी है।

भारतीय नागरिक कुलभूषण यादव को रॉ का एजेंट होने बलूच आंदोलन को हवा देने और चीन-पाकिस्तान आर्थिक कॉरीडोर परियोजना को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के आरोप में मार्च 2016 में बलूचिस्तान में गिरफ्तार किया गया था। आपको बता दें कि गिरफ्तारी के बाद कुलभूषण जाधव का पाकिस्तान ने एक वीडियो जारी किया था। वीडियो में ये व्यक्ति ख़ुद को भारतीय नौसेना का मौजूदा अधिकारी और भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ का सदस्य बताया। साथ ही जाधव ने अपने इकबालिया बयान में दावा किया कि उन्होंने 2003 में खुफिया गतिविधियां शुरू कीं और ईरान के चाबहार में अपना बिज़नेस स्थापित किया।

पाकिस्तान द्वारा जारी इस वीडियो कबूलनामे को भारत ने सिरे से खारिज कर दिया था। भारत ने यह तो स्वीकार किया था कि जाधव सेवानिवृत नौसेना अधिकारी हैं लेकिन इस आरोप का खंडन किया था कि वह सरकार से किसी भी रूप में जुड़े थे। उस समय भारत सरकार ने इसे पठानकोट हमले में अपनी जिम्मेदारी से बचने की पाकिस्तान की कोशिश करार दिया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।