पुलिस ने एक वीडियो क्लिप को लेकर सीआरपीएफ की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। इस वीडियो क्लिप में नौ अप्रैल को श्रीनगर संसदीय क्षेत्र में उपचुनाव के दौरान कुछ युवक सीआरपीएफ जवानों के साथ मारपीट करते नजर आते हैं। वैद ने कहा कि हमने सीआरपीएफ जवानों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ चदूरा पुलिस थाने में केस दर्ज किया है। उनसे कानून के अनुसार निपटा जाएगा।
उन्होंने सीआरपीएफ के जवानों के धैर्य और संयम की प्रशंसा की। वैद ने कहा मैं सीआरपीएफ जवानों के संयम की तारीफ करता हूं। दुनिया के किसी भी सशस्त्र बल ने इसका जवाब बल प्रयोग से दिया होता। इससे उन लोगों (दुर्व्यवहार करने वालों) की जान भी जा सकती थी। नौ अप्रैल को श्रीनगर संसदीय सीट पर उपचुनाव के दौरान चदूरा इलाके में चुनाव ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ जवानों से किए गए दुर्व्यवहार का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसके बाद देशभर में इस घटना को लेकर आक्रोश है।
डीजीपी ने कहा कि एक अन्य वीडियो के मामले में भी केस दर्ज किया गया है जिसमें इसी इलाके में एक मतदान केंद्र के बाहर सुरक्षाबल का एक जवान पथराव कर रहे प्रदर्शनकारी के सीधे सिर में गोली मारते हुए दिख रहा है। उन्होंने कहा इस घटना के संबंध में भी मामला दर्ज किया गया है। इसकी जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। चुनाव के दिन बडगाम जिले में मतदान केंद्रों के आसपास हिंसा के दौरान सुरक्षाबलों की गोलीबारी में आठ लोगों की मौत हो गई थी। मारे गए कुछ लोगों के सिर में गोली लगी थी।
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।